ग्रामीणों को मिली राहत: एटा में मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन बस सेवा की 11 नई बसें शुरू
विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने दिखाई हरी झंडी, अमरोली रतनपुर, बिलसड़ और राजा का रामपुर से एटा के लिए मिलेगा सीधा परिवहन
05 Jun 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा, संवाददाता। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन बस सेवा के तहत जिले में 11 नई अनुबंधित बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर एवं एआरएम नरेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
योजना के अंतर्गत अमरोली रतनपुर से एटा के लिए चार बसें, बिलसड़ से एटा के लिए दो बसें तथा राजा का रामपुर से एटा के लिए पांच बसें संचालित की जाएंगी। इन बसों के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने में बेहतर सुविधा मिलेगी।
बताया गया कि इन बसों का किराया सामान्य रोडवेज बसों की तुलना में कम रखा गया है, जिससे यात्रियों को आर्थिक लाभ भी मिलेगा। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन बस सेवा ग्रामीण जनता के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों से बेहतर परिवहन सुविधा की मांग की जा रही थी, जिसे सरकार ने पूरा किया है। इस सेवा से छात्रों, किसानों, महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में विशेष सुविधा मिलेगी। सरकार का उद्देश्य गांवों को बेहतर यातायात सुविधाओं से जोड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल करना है।
Advertisement









