कुवैत में ईरानी ड्रोन हमले से उज्जैन के युवक की मौत
04 Jun 2026
Reporter--Mohammad Arif
उज्जैन जिले के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। उज्जैन निवासी मंज़ूर एहमद रेहमानी उर्फ शेरू की 3 जून को कुवैत एयरपोर्ट पर हुए कथित ईरानी ड्रोन हमले में मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही पूरे उज्जैन शहर में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार सहित परिचितों में मातम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंज़ूर एहमद रेहमानी पिछले कई वर्षों से कुवैत में रहकर नौकरी कर रहे थे। वे छुट्टी लेकर अपने वतन और परिवार से मिलने उज्जैन आने वाले थे। परिवार के लोग उनके घर लौटने की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन अचानक उनकी मौत की खबर ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया।
मंज़ूर एहमद रेहमानी अपने पीछे वृद्ध मां, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां अपने जवान बेटे को याद कर बेसुध हो रही हैं, वहीं पत्नी और बच्चों का दर्द देखकर हर किसी की आंखें नम हो रही हैं।
घटना की खबर फैलते ही रिश्तेदार, मित्र और समाजजन परिवार को ढांढस बंधाने उनके निवास पर पहुंचने लगे। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग दिवंगत की मगफिरत तथा परिवार को सब्र अता करने की दुआ कर रहे हैं।
परिजनों के अनुसार मंज़ूर एहमद रेहमानी का पार्थिव शरीर 5 जून को भारत लाए जाने की संभावना है। उनके उज्जैन पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार और जनाजे की रस्म अदा की जाएगी। परिवार सहित समाज के लोगों को उनके पार्थिव शरीर के भारत पहुंचने का इंतजार है।
इस दुखद घटना ने न केवल परिवार बल्कि पूरे उज्जैन शहर को झकझोर कर रख दिया है। समाजजनों ने दिवंगत मंज़ूर एहमद रेहमानी (शेरू) को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके लिए जन्नत में आला मुकाम और परिजनों के लिए सब्र की दुआ की है।








