बदायूं:दो वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहा कौआ नगला–गढ़िया गंगवरार मार्ग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
03 Jun 2026

बदायूं:दो वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहा कौआ नगला–गढ़िया गंगवरार मार्ग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
दो वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहा कौआ नगला गढ़िया गंगवरार मार्ग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन बदायूं जनपद के विकास खंड कादर चौक अंतर्गत ग्राम कौआ नगला मार्ग से ग्राम पंचायत गढ़िया गंगवरार को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर पिछले लगभग दो वर्षों से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। सड़क पर लगातार पानी भरा रहने के कारण ग्रामीणों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। शनिवार को ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र राजपूत ने मौके पर पहुंचकर मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें जलभराव की समस्या से अवगत कराया। ब्लॉक प्रमुख ने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए बताया कि उक्त सड़क लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधीन है तथा विभागीय स्तर पर ही इसका स्थायी समाधान कराया जा सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समस्या के समाधान के लिए वार्ता करने का भरोसा दिया। इधर, आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने भी प्रदर्शन कर प्रशासन से जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर भरे पानी को निकटवर्ती तालाब तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, जिससे जलभराव की समस्या समाप्त हो सके।प्रदर्शन में कोटेदार राजाराम कश्यप, मिलाल, जगन्नाथ, खेमकरन, ओमवीर, इंद्रपाल, वीरेंद्र, सुरेंद्र, पन्नालाल, छत्रपाल, ब्रह्मानंद, ओमप्रकाश, सुखराम, फूल सिंह सहित ग्राम पंचायत गढ़िया गंगवरार एवं आसपास के गांवों के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर मार्ग को जलभराव मुक्त कराने की मांग की है।