जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के नवीनीकरण कार्य का हुआ लोकार्पण
02 Jun 2026
रिपोर्टर--मुकेश कुमार यादव
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के नवीनीकरण कार्य का हुआ लोकार्पण
विधायक विपुल दुबे, जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने फीता काटकर किया शुभारंभ
भदोही 2 जून 2026:–जनपद भदोही में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के नवीनीकरण (इनोवेशन) कार्य का शुभारंभ आज माननीय विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी द्वारा फीता काटकर किया गया। लगभग ₹9.90 लाख की लागत से कराए गए इस नवीनीकरण कार्य के माध्यम से कार्यालय परिसर को अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त बनाया गया है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए कार्य की गुणवत्ता की सराहना की। नवीनीकरण के तहत कार्यालय कक्षों के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ परिसर की समुचित व्यवस्था, स्वच्छता एवं कर्मचारियों तथा आगंतुकों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने निर्देशित किया कि कार्यालय परिसर में शेष आवश्यक कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए, ताकि संपूर्ण परिसर और अधिक आकर्षक, सुव्यवस्थित एवं कार्यानुकूल वातावरण प्रदान कर सके। उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्यालय न केवल कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाता है, बल्कि आमजन को भी बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक होता है।
माननीय विधायक विपुल दुबे ने कहा कि शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण समय की आवश्यकता है। इस प्रकार के प्रयासों से कार्य संस्कृति में सकारात्मक परिवर्तन आता है तथा आमजन को बेहतर वातावरण में सेवाएं प्राप्त होती हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने भी नवीनीकरण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित कार्यालय परिसर प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता को और बेहतर बनाते हैं।
Advertisement









