मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर; दो आरोपियों को पहचानने का दावा
01 Jun 2026

मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर; दो आरोपियों को पहचानने का दावा
एटा/अलीगंज। थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव दहेलिया पूठ में सोमवार तड़के मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल महिला ने दो आरोपियों को पहचानने का दावा किया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, साधना मिश्रा (40) पत्नी राजेश मिश्रा रोज की तरह सुबह टहलने निकली थीं। उन्होंने बताया कि गांव के सचिवालय के पास एक गाड़ी आकर रुकी, जिसमें से तीन-चार लोग उतरे और उनका पीछा करने लगे। कुछ दूरी आगे बढ़ने पर उन्हें पांच-छह अन्य लोग भी दिखाई दिए, जिससे वह घबरा गईं। महिला के मुताबिक, पीछे मुड़कर देखने पर उन्होंने दो लोगों को पहचान लिया। उनका आरोप है कि एक व्यक्ति ने उन्हें पकड़ लिया, जबकि अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। साधना ने दो आरोपियों के नाम बल्लू और गुलबहार बताए हैं। इसके बाद उन पर गोली चला दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। थाना प्रभारी विजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सीएचसी अलीगंज के चिकित्सा अधिकारी डॉ. शक्ति मीणा ने बताया कि महिला के शरीर पर गोली लगने जैसे घाव मिले हैं, जिससे मामला गन शॉट का प्रतीत होता है। बेहतर उपचार के लिए उन्हें रेफर किया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही महिला के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। सुबह के शांत माहौल में हुई इस वारदात से गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
Advertisement
Advertisement