येलो अलर्ट के दृष्टिगत जिलाधिकारी भदोही की जनपदवासियों से विशेष अपील
31 May 2026
रिपोर्टर--मुकेश कुमार यादव
02 जून 2026 तक सतर्क रहें
येलो अलर्ट के दृष्टिगत जिलाधिकारी भदोही की जनपदवासियों से विशेष अपील
वज्रपात, मेघगर्जन एवं 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना, सावधानी बरतने के निर्देश
भदोही, 31 मई 2026।
भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद भदोही में दिनांक 31 मई से 02 जून 2026 तक खराब मौसम बने रहने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने इस अवधि के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए जनपद में वज्रपात (आकाशीय बिजली), मेघगर्जन तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी श्री शैलेष कुमार ने जनपदवासियों से पूर्ण सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संभावित खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें तथा प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से किसानों, विद्यार्थियों, वाहन चालकों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले नागरिकों से मौसम संबंधी सूचनाओं पर निरंतर नजर बनाए रखने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि गरज-चमक एवं वज्रपात के दौरान खुले मैदानों, खेतों, छतों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। साथ ही टूटे हुए विद्युत तारों एवं विद्युत उपकरणों के संपर्क में आने से परहेज करें तथा ऐसी किसी भी स्थिति की तत्काल सूचना संबंधित विभाग को दें।
किसानों को सलाह दी गई है कि कटाई की गई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा पशुओं को खुले स्थानों से हटाकर सुरक्षित शेड में रखें। कृषि यंत्रों एवं अन्य आवश्यक सामग्री को भी सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों को मौसम की परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित आपदा की स्थिति से निपटने हेतु जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी की अपील
"मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें। आपकी सतर्कता एवं सावधानी ही आपकी सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।"








