नागदा में 250 प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया सम्मानित
31 May 2026

नागदा में 250 प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया सम्मानित
नागदा में अमन एजुकेशन कमेटी ने प्रतिभाओं का किया सम्मान, 250 से अधिक विद्यार्थियों को मिले सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह नागदा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से अमन एजुकेशन कमेटी द्वारा रविवार को ईदगाह गार्डन में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के करीब ढाई सौ मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कुरान आयत पढ़ कर एवं विद्यार्थियों के सम्मान के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि ओ.पी. गेहलोत, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर, पार्षद आसिफ हुसैन, वरिष्ठ अधिवक्ता लईक अहमद अंसारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज और राष्ट्र को नई दिशा प्रदान करती है। विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने अमन एजुकेशन कमेटी द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। समारोह के दौरान सम्मानित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी और गर्व साफ दिखाई दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व, सामाजिक जागरूकता और युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन आज़ाद सर द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी प्रभावशाली शैली से पूरे समारोह को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाए रखा। वहीं अंत में दादाभाई ठेकेदार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी के योगदान की सराहना की। अमन एजुकेशन कमेटी द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में भी सराहा गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को भविष्य में और अधिक मेहनत कर सफलता की नई ऊंचाइयों को छूने का संदेश दिया गया।