खादी ग्राम उद्योग के मेगा वित्तीय साक्षरता शिविर में ग्रामीणों को किया गया जागरूक
सामाजिक सुरक्षा, बीमा, पेंशन एवं बचत योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
24 May 2026
Reporter- Ashok Kumar
खादी ग्राम उद्योग के मेगा वित्तीय साक्षरता शिविर में ग्रामीणों को किया गया जागरूक
सामाजिक सुरक्षा, बीमा, पेंशन एवं बचत योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
अहिरोरी, हरदोई। ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देने एवं लोगों को विभिन्न सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से खादी ग्राम उद्योग द्वारा विकासखंड अहिरोरी के ग्राम नया गांव मुबारकपुर में एक भव्य मेगा वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिविर में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), अटल पेंशन योजना (APY), सुकन्या समृद्धि योजना (SSY), बैंक खातों में नामांकन (Nomination) की आवश्यकता, केवाईसी अपडेट कराने के महत्व, नियमित बचत की आदत, निवेश के सुरक्षित विकल्प, ऋण सुविधाओं एवं अन्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में प्रत्येक परिवार के लिए वित्तीय सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। बीमा एवं पेंशन योजनाओं से जुड़कर व्यक्ति अपने तथा अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित बना सकता है। साथ ही बैंकिंग सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में खादी ग्राम उद्योग की सुश्री सुष्मिता जी एवं जिला ग्राम उद्योग प्रतिनिधि प्रदीप जी ने उपस्थित ग्रामीणों को स्वरोजगार, सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय प्रबंधन के महत्व के बारे में जानकारी दी। वहीं अनुपम तिवारी, सीबीओ, व अभिषेक सिंह केंद्र प्रबंधक वित्तीय साक्षरता केंद्र अहिरोरी (क्रिसिल फाउंडेशन) के द्वारा शिविर का सफलतापूर्वक संचालन एवं वित्तीय साक्षरता सत्र का संचालन किया गया। उन्होंने ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विभिन्न बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
शिविर में उपस्थित लोगों ने वित्तीय विषयों से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उत्तर दिया गया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से अपील की गई कि वे नियमित बचत करें, बैंक खातों में नामांकन अवश्य कराएं, समय-समय पर केवाईसी अपडेट रखें तथा सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करें।
यह मेगा वित्तीय साक्षरता शिविर ग्रामीण समुदाय में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पहुंच मजबूत करने तथा वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सफल पहल साबित हुआ।








