थाना समाधान दिवस में जमीन विवादों की भरमार, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश
23 May 2026

थाना समाधान दिवस में जमीन विवादों की भरमार, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश
थाना समाधान दिवस में जमीन विवादों की भरमार, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश 23 मई शनिवार भदोही /औराई/ कोतवाली में शनिवार को जिलाधिकारी शैलेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश मामले जमीन विवाद और बंटवारे से जुड़े रहे। चार मामलों में टीमों का गठन कर जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए। उपरौठ गांव निवासी कृष्णकांत पांडे ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत उठाई। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति पहले उनकी जमीन के सामने दुकान चलाता था, लेकिन अब उसी भूमि पर ईंट की दीवार खड़ी कर बड़ी दुकान बनाने का प्रयास कर रहा है। विरोध करने पर परिवार ने डायल 112 पुलिस बुलाकर निर्माण कार्य रुकवाया था। थाना समाधान दिवस में कृष्णकांत पांडे ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि दबंग व्यक्ति उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने कोतवाल को तत्काल मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाने और आदेश न मानने पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने स्पष्ट कहा कि जमीन और बंटवारे से जुड़े मामलों में राजस्व विभाग की टीम के बिना पुलिस कोई हस्तक्षेप नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी पुलिसकर्मी द्वारा जबरन हस्तक्षेप की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने एसडीएम को निर्देश दिया कि बंटवारे और भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व टीम भेजकर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। इसके अलावा डीएम और एसपी ने औराई चौराहे पर मिर्जापुर-भदोही-वाराणसी मार्ग पर ठेले और अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम पर भी चिंता जताई तथा व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।