बदायूं:तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल
23 May 2026
Reporter-- Rahul
तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल बिल्सी (बदायूं)। बीती रात बिल्सी-बिसौली रोड स्थित असावा पेट्रोल पंप के निकट एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।मिली जानकारी के अनुसार जितेंद्र पुत्र राधेश्याम निवासी ग्राम खेरी, तहसील बिल्सी, दिधौनी स्थित मालपानी भट्टे पर कार्य करने के लिए प्रतिदिन आते-जाते थे। बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी भेजा, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया। फिलहाल घायल का उपचार जारी है।
घायल के परिजन फूल सिंह निवासी खेरी ने बताया कि कार में तीन लोग सवार थे। कार बिल्सी से बिसौली की ओर जा रही थी। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद कुछ दूरी पर कार भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद कार सवार वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।








