दतिया पण्डोखर धाम ट्रस्ट ने दस गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह कर गुरु जी ने दिया आशीर्वाद
22 May 2026
Reporter-Vinod Kumar Rajput
प्रकाशनार्थ / प्रसारार्थ समाचार
पण्डोखर धाम ट्रस्ट ने दस गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह धूमधाम के साथ कराया
पण्डोखर (दतिया) - विश्वविख्यात त्रिकालदर्शी संत श्री गुरुशरणजी महाराज के सान्निध्य में गुरुवार को पण्डोखर धाम में दस गरीब परिवार की कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह धूमधाम के साथ संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के ग्राम मेथाना पहुंच निवासी भगत वीर सिंह दोहरे ने 11 कन्याओं के विवाह कराने का संकल्प लिया था , किंतु क्षेत्रीय स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाने के कारण वे अत्यंत व्यथित हो गए और अपना संकल्प पूर्ण न हो पाने से दुःखी होकर आत्मघाती कदम उठाने का विचार बनाने लगे। ईश्वरीय प्रेरणा से वह पण्डोखर सरकार के दरबार में पहुंचे , जहां उनकी स्थिति से अवगत होने पर श्री गुरुशरणजी महाराज ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि वे किसी प्रकार की चिंता न करें तथा कोई अनुचित कदम न उठाएं। उन्होंने घोषणा की कि वे स्वयं सभी कन्याओं का विवाह पण्डोखर सरकार धाम ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क करायेंगे तथा कन्याओं को आवश्यक गृहस्थी का सामान एवं जरूरी आभूषण भी प्रदान किए जाएंगे।
गुरुवार को पण्डोखर धाम में 10 कन्याओं का विवाह वैदिक एवं हिंदू रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से संपन्न कराया गया। सभी वर चार पहिया वाहनों एवं घोड़ों पर सवार होकर डी जे और बैंड बाजों के साथ आश्रम स्थित श्रीराम दरबार मंदिर से बारात लेकर हनुमान पंच अखाड़े के नजदीक श्रद्धा मंच पहुंचे , जहां वधु पक्ष के साथ श्री गुरुशरण जी महाराज , ग्राम के सरपंच रामकुमार शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह ने बारात की अगवानी कर स्वागत किया। भव्य श्रद्धा मंच पर सभी वर - वधुओं को एक साथ बैठाया गया और सभी जोड़ों का वेदमन्त्रों की ध्वनि के बीच जयमाला कार्यक्रम संपन्न हुआ।
शाम से देर रात्रि तक आश्रम परिसर में वर वधु पक्ष के सभी रिश्तेदारों , हजारों अतिथियों और श्रद्धालु भक्तों का प्रीतिभोज भंडारा प्रसादि का क्रम चलता रहा। वरमाला पश्चात पाण्डेश्वर महादेव के विशाल प्रांगण में ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी नवयुगलों का पाणिग्रहण संस्कार सम्पन्न कराया गया।
इस अवसर पर श्री गुरुशरणजी महाराज एवं उनके परिवारजनों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद और उपहार प्रदान किये।
पण्डोखर ट्रस्ट के सचिव मुकेश कुमार गुप्ता (सागर) ने बताया कि 11 जोड़ो का विवाह सम्पन्न होना था परंतु एक कन्या की आयु पूर्ण वयस्क न होने के कारण उसका विवाह अगले वर्ष कराने का आश्वासन दिया गया है। पण्डोखर धाम ट्रस्ट की ओर से सभी 10 नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का संपूर्ण सामान , जिसमें पलंग , बिस्तर , सोफा सेट , कूलर , फ्रिज , ढेरों वस्त्र - बर्तन आदि अन्य आवश्यक सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की गई। इसके साथ ही सभी वधुओं को सोने की नथ , चांदी की पायल , मंगलसूत्र आदि उपहार भी दिए गए। मुकेश गुप्ता ने बताया कि पण्डोखर धाम ट्रस्ट की ओर से प्रत्येक वधु के नाम से 11000/ (ग्यारह हजार) रुपये की बैंक एफ. डी. आर. भी बनाकर उपहार में दी जाएगी।
सामूहिक कन्या विवाह समारोह में श्री भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह , रामकिंकर गुर्जर , जनपद अध्यक्ष संतोषी बलदाऊ यादव , सोनू शर्मा, बिंदू शर्मा, राहुल शर्मा, रामावतार सोनी, राजू खरे, शिशिर खरे, पवन सोनी, दुर्जेन्द्र शर्मा, अनुप तिवारी, अजेंद्र सिंह गौर , रामशरण बघेल , लालजी तिवारी , श्याम तिवारी , रामपाल सिंह सहित अनेक श्रद्धालु एवं शिष्यगण उपस्थित रहे। सभी ने नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किए।
विवाह उपरांत नवविवाहित जोड़ों को आश्रम से चार पहिया वाहनों द्वारा उनके घर तक सम्मानपूर्वक विदा किया गया। दोनों पक्षों के परिजन इस आयोजन से भावुक एवं उत्साहित दिखाई दिए। ग्राम मेथाना पहुंच के भगत वीर सिंह दोहरे ने उनके अधूरे संकल्प को पूर्ण करने के लिए श्री गुरुशरणजी महाराज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए आभार प्रकट किया।
भवदीय , मुकेश कुमार गुप्ता (सागर)
पण्डोखर - 22/05/2026








