आग की लपटों में घिरा तीन मंजिला मकान, घंटों बाद पाया गया काबू
22 May 2026

आग की लपटों में घिरा तीन मंजिला मकान, घंटों बाद पाया गया काबू
एटा जनपद के जैथरा कस्बे में शुक्रवार को बाराद्वारी मंदिर के पास स्थित एक जनरल स्टोर में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान से सटे तीन मंजिला मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सामान और मकान का बड़ा हिस्सा धू-धू कर जलने लगा। ऊंची उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान मकान में रखा घरेलू गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ सिलेंडर फटने से आग और भड़क उठी, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मकान में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। हादसे के समय मकान में मौजूद अनीता और तुलसी गंभीर रूप से झुलस गईं। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने अनीता को बाहर निकाला, जो काफी प्रतिशत तक जल चुकी थीं। तुलसी भी आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों महिलाओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही नगर अध्यक्ष विवेक गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए अपनी निजी गाड़ी से घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने उनके इस मानवीय प्रयास की सराहना की। फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक दुकान में रखा सामान, घरेलू सामग्री और मकान का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो चुका था। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। रेस्क्यू अभियान के दौरान थाना प्रभारी जैथरा रितेश ठाकुर भी झुलस गए।