सेवढ़ा तहसील के भगुवापुरा में बिजली संकट से ग्रामीण परेशान, पावर हाउस कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप
22 May 2026
Reporter-Vinod Kumar Rajput
भगुवापुरा में बिजली संकट से ग्रामीण परेशान, पावर हाउस कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप
भगुवापुरा में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्राम पंचायत भगुवापुरा के ग्रामीणों ने पावर हाउस कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि भगुवापुरा पावर हाउस पर बिजली उपलब्ध रहती है, लेकिन गांव में घंटों तक बिजली आपूर्ति बंद रहती है। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काट दी जाती है और कई-कई घंटों तक सप्लाई बहाल नहीं होती। लोगों का आरोप है कि कर्मचारियों द्वारा अपनी मनमर्जी से बिजली बंद और चालू की जा रही है। गर्मी के मौसम में प्रतिदिन लगभग 8 से 10 घंटे तक बिजली कटौती होने से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।बिजली न होने से सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है। रात के समय मच्छरों के प्रकोप से लोग परेशान हैं, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं रहने से पंखे और कूलर बंद पड़े रहते हैं, जिससे गर्मी असहनीय हो जाती है।इन दिनों स्कूलों में सप्लीमेंट्री परीक्षाएं भी चल रही हैं। ऐसे में बिजली कटौती का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। बच्चों का कहना है कि बिजली नहीं होने के कारण वे रात में पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनके भविष्य पर असर पड़ सकता है। अभिभावकों ने चिंता जताई कि यदि इसी प्रकार बिजली कटौती जारी रही तो बच्चों की परीक्षा तैयारी प्रभावित होगी।ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली विभाग तत्काल समस्या का समाधान करे और गांव में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही पावर हाउस कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।








