बिजली विभाग की लापरवाही 15 मिनट तक नहीं कटी बिजली, करंट से युवक की चली गई जान
19 May 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव हवीपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला।
मृतक के पिता ओमवीर सिंह ने बताया कि उनका पुत्र विनोद कुमार सुबह करीब 6:30 बजे घर से बाहर गया था। इसी दौरान गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित ध्वस्त प्राथमिक विद्यालय के सामने बिजली के पोल से टूटा हुआ हाईटेंशन तार सड़क पर गिरा पड़ा था, जिसमें तेज करंट दौड़ रहा था।
जैसे ही विनोद कुमार उस तार के संपर्क में आया, वह गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया और तत्काल बिजली विभाग के जेई व एसडीओ को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद कराने की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद करीब 15 मिनट तक बिजली सप्लाई बंद नहीं की गई, जिसके चलते युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली काट दी जाती तो युवक की जान बचाई जा सकती थी।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह हादसा एक बार फिर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।








