रुपये गिराकर भटकाया ध्यान, किसान की जेब से 45 हजार पार
18 May 2026

रुपये गिराकर भटकाया ध्यान, किसान की जेब से 45 हजार पार
अलीगंज। थाना क्षेत्र में उचक्कों और जेबकतरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को गांव अमोघपुर निवासी किसान नूर हसन के साथ फिल्मी अंदाज में जेबकट्टी की घटना सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने चालाकी से उनका ध्यान भटकाकर जेब काट ली और 45 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित किसान नूर हसन ने बताया कि वह सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अलीगंज बाजार में बकरी बेचने आए थे। बकरी बेचने के बाद उनके पास करीब 45 हजार रुपये थे। सुबह लगभग साढ़े नौ बजे वह सराय अड्डे से ई-रिक्शा में बैठकर अपने गांव अमोघपुर लौट रहे थे। किसान के अनुसार, जैसे ही वह बिथरा स्कूल के पास ई-रिक्शा से उतरे, तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि एक युवक ने अपनी जेब से कुछ रुपये नीचे गिरा दिए। नीचे पड़े रुपये देखकर वह उन्हें उठाने के लिए झुके। इसी दौरान दूसरे युवक ने बड़ी सफाई से उनकी जेब काट ली और उसमें रखे 45 हजार रुपये निकाल लिए। कुछ ही क्षणों में दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। जब किसान ने अपनी जेब देखी तो वह कटी हुई थी और उसमें रखे रुपये गायब थे। घटना का एहसास होते ही उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि किसान सराय अड्डे से बिथरा अड्डा तक ई-रिक्शा से आया था। किसान ने बताया कि जब वह ई-रिक्शा से उतरा तो उसकी जेब कटी हुई थी और रुपये गायब थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा करीब आठ किलोमीटर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बाजार और ग्रामीण मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।