पंचायत चुनाव समय पर कराने की मांग, प्रधानों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
18 May 2026

पंचायत चुनाव समय पर कराने की मांग, प्रधानों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
एटा। अखिल भारतीय प्रधान संगठन के बैनर तले विकास खंड अलीगंज के ग्राम प्रधानों एवं ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव समय पर कराए जाने अथवा वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन खंड विकास अधिकारी अलीगंज के माध्यम से प्रेषित किया गया। प्रधान संगठन के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा एवं उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश की ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्ति की ओर है, लेकिन अभी तक पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। इससे पंचायतों में पुनः प्रशासक व्यवस्था लागू होने की आशंका बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में जब पंचायतों में प्रशासक व्यवस्था लागू की गई थी, तब कई प्रकार की समस्याएं सामने आई थीं। इससे ग्राम पंचायतों की स्वायत्तता एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हुई थी। ग्राम पंचायतें भारतीय लोकतंत्र की मूल इकाई हैं और गांव की जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों के माध्यम से ही विकास योजनाएं पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ संचालित होती हैं। प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि यदि पंचायतों में प्रशासक नियुक्त किए जाते हैं तो इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की संभावना बढ़ेगी और ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित होंगे। चुने हुए प्रतिनिधियों के अभाव में विकास योजनाओं की गति धीमी पड़ सकती है। ज्ञापन में मांग की गई कि प्रदेश में पंचायत चुनाव समय पर कराए जाएं। यदि किसी कारणवश चुनाव समय से संभव न हो तो वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए, ताकि विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहे और लोकतांत्रिक व्यवस्था सुरक्षित रह सके। प्रधान संगठन ने मुख्यमंत्री से ग्राम पंचायतों एवं ग्रामीण जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। इस दौरान कई ग्राम प्रधानों एवं ग्रामीणों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर समर्थन जताया। इस मौके पर क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
Advertisement
Advertisement