आनंदडीह बाजार में भीषण आग, दो मंजिला कपड़े की दुकान जलकर राख
18 May 2026

आनंदडीह बाजार में भीषण आग, दो मंजिला कपड़े की दुकान जलकर राख
भदोही। दुर्गागंज थाना क्षेत्र के आनंदडीह बाजार में बीती रात रात भीषण आग लगने से दो मंजिला कपड़े की दुकान जलकर राख हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई, जिससे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार आग “केसरवानी साड़ी महल एवं फैमिली मार्ट” नामक दुकान में लगी थी, जिसका संचालन ओपी केसरवानी द्वारा किया जाता है। दुकानदार के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग में लाखों रुपये मूल्य के कपड़े, फर्नीचर एवं अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। दुकानदार ने करीब 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान बताया है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के दुकानदारों में दहशत का माहौल बना रहा। दुर्गागंज थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है तथा घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।