नकली कीटनाशक दवाइयों की अवैध पैकिंग का भंडाफोड़, हजारों पैकेट जब्त
16 May 2026

नकली कीटनाशक दवाइयों की अवैध पैकिंग का भंडाफोड़, हजारों पैकेट जब्त
देवास। कृषि विभाग एवं नाहर दरवाजा पुलिस की संयुक्त टीम ने लक्ष्मी बाई मार्ग स्थित एक मकान पर दबिश देकर ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली कीटनाशक दवाइयों की अवैध पैकिंग करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली कीटनाशक दवाइयां, खाली पैकेट, जिप्सम पाउडर एवं पैकिंग मशीन जब्त की गई। उप संचालक कृषि गोपेश पाठक ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ‘बायर’ एवं ‘इंडोफिल इंडस्ट्रीज लिमिटेड’ जैसी कंपनियों के खाली पैकेटों में जिप्सम पाउडर भरकर नकली कीटनाशक तैयार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी राहुल कुमार जायसवाल, सहायक संचालक कृषि लोकेश गंगराड़े, कृषि विकास अधिकारी दिनेश परमार एवं उनकी टीम ने नाहर दरवाजा पुलिस के साथ मिलकर मकान नंबर 26, लक्ष्मी बाई मार्ग पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 2300 भरे हुए एवं 3000 खाली ‘बायर नेटिवो’ पैकेट, 1000 भरे हुए एवं 3000 खाली ‘इंडोफिल मोटिव’ पैकेट, ‘बायर जम्प इंसेक्टिसाइड’ के करीब 7000 पैकेट, पांच बैग जिप्सम पाउडर तथा सीलिंग व पैकिंग मशीन बरामद की गई। मौके से श्रीमती रुकसार पति आमिर खान एवं श्रीमती जुबेदा बी पति मंजूर हुसैन को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अभिषेक नामक व्यक्ति द्वारा सामग्री एवं मशीन उपलब्ध कराने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), कीटनाशक अधिनियम 1968, व्यापार चिन्ह अधिनियम 1999 एवं कॉपीराइट अधिनियम 1957 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कृषि विभाग ने भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।