आँधी-तूफान प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता — जिलाधिकारी शैलेष कुमार
14 May 2026

आँधी-तूफान प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता — जिलाधिकारी शैलेष कुमार
आँधी-तूफान प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता — जिलाधिकारी शैलेष कुमार भदोही, 14 मई 2026:–जनपद भदोही में 13 मई की सायंकाल आई तेज आँधी-तूफान एवं खराब मौसम के कारण जनजीवन व्यापक रूप से प्रभावित हुआ। तहसीलों से प्राप्त सूचनाओं के अनुसार 14 मई 2026 की सायं 4:00 बजे तक जनपद में कुल 16 लोगों की दुःखद मृत्यु दर्ज की गई है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है तथा प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं सहायता कार्यों में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। आज एनआईसी सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शासन द्वारा प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारियों से आपदा राहत कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जनहानि एवं क्षति के मामलों में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने आंधी-तूफान के बाद जनजीवन सामान्य करने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने आमजन के आवागमन, विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल व्यवस्था बहाल करने के लिए संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी नियुक्त कर कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने को कहा। प्रशासन राहत एवं पुनर्स्थापन कार्यों में लगातार जुटा हुआ है। प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार तहसील ज्ञानपुर में 03, तहसील भदोही में 09 तथा तहसील औराई में 04 व्यक्तियों की जनहानि हुई है। जिलाधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार प्रति व्यक्ति 4 लाख रुपये की अनुग्रह धनराशि प्रदान किए जाने की कार्यवाही तेजी से की जा रही है, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके अतिरिक्त जनपद में कुल 12 व्यक्ति घायल हुए हैं, जिनका उपचार विभिन्न चिकित्सालयों में चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आँधी-तूफान के कारण पशुधन एवं आवासीय क्षति की घटनाएं भी सामने आई हैं। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जनपद में कुल 28 पशुहानि हुई है। शासनादेश के तहत प्रभावित पशुपालकों को 4 हजार रुपये से लेकर 37 हजार 500 रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। वहीं कुल 20 मकानों को क्षति पहुंची है, जिनके लिए शासन के प्रावधानों के अनुसार 4 हजार रुपये से लेकर 1 लाख 20 हजार रुपये तक की सहायता धनराशि प्रदान किए जाने की कार्यवाही जारी है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत कार्यों में तेजी लाई जाए तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि/रा कुंवर वीरेन्द्र मौर्य एवं आपदा के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।