भदोही में आंधी-तूफान का कहर: 15 लोगों की मौत, प्रशासन ने किया राहत-बचाव कार्य
14 May 2026
रिपोर्टर--मुकेश कुमार यादव
भदोही में आंधी-तूफान का कहर: 15 लोगों की मौत, प्रशासन ने किया राहत-बचाव कार्य
तेज तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त, डीएम-एसपी ने प्रभावित गांवों का किया दौरा, पीड़ित परिवारों के प्रति जताई गहरी संवेदना
भदोही, 13 मई 2026ः–
जनपद भदोही में बुधवार सायंकाल लगभग 5:30 बजे आए तेज आंधी-तूफान एवं प्रतिकूल मौसम के कारण विभिन्न थाना क्षेत्रों में अत्यंत दुःखद घटनाएं घटित हुईं। तेज हवाओं एवं आंधी के चलते अनेक स्थानों पर पेड़ उखड़ गए तथा बिजली के खंभे मकानों एवं मंदिरों पर गिर पड़े, जिससे जनहानि एवं पशुहानि की घटनाएं सामने आई हैं।
अब तक प्राप्त सूचनाओं के अनुसार विभिन्न घटनाओं में कुल 15 लोगों की दुःखद मृत्यु हुई है, जबकि 08 लोग घायल हुए हैं। इसके अतिरिक्त 16 पशुओं की मृत्यु की भी सूचना प्राप्त हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की टीमों द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कर दिया गया। सभी प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा घायलों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं चिकित्सालयों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल 03 लोगों को बेहतर उपचार हेतु बीएचयू रेफर किया गया है।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी द्वारा आपदा प्रभावित गांवों का संयुक्त रूप से दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हर संभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने इस प्राकृतिक आपदा में मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक घटना है। जिला प्रशासन इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को शासन द्वारा अनुमन्य दैवीय आपदा राहत सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी तथा घायलों के समुचित उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचें तथा किसी भी प्रकार की आपदा अथवा दुर्घटना की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस के सीयूजी नंबरों पर दें, जिससे त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन की टीमें लगातार विभिन्न माध्यमों एवं सोशल मीडिया से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।
Advertisement









