अलीगंज में मकान सूचीकरण अभियान को लेकर सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण
10 May 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज। आगामी जनगणना एवं मकान सूचीकरण अभियान को लेकर तहसील प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में तहसील सभागार में लेखपालों एवं सुपरवाइजरों को विशेष प्रशिक्षण देकर अभियान की रूपरेखा समझाई गई। उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान की जिम्मेदारियों के प्रति गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने बताया कि प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण कार्य कराया जाना है, जिसके लिए प्रशासन पहले से ही तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रगणकों और सुपरवाइजरों को पूर्व में भी प्रशिक्षण दिया जा चुका है, लेकिन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुनः ब्रीफिंग की गई है।
उन्होंने बताया कि लेखपालों को सुपरवाइजर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसलिए उन्हें विशेष रूप से बुलाकर यह समझाया गया कि प्रगणकों के कार्य की निगरानी किस प्रकार करनी है। प्रशासन का प्रयास है कि जनगणना और मकान सूचीकरण का डेटा पूरी तरह शुद्ध, व्यवस्थित और पारदर्शी हो। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रहे और अभियान का मूल उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा हो सके।
एसडीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि तहसील क्षेत्र में कुल 18 प्रशिक्षकों की नियुक्ति की गई है, जिन्हें अलग-अलग सत्रों में बांटकर प्रशिक्षण कार्य की जिम्मेदारी दी गई है। इन प्रशिक्षकों द्वारा प्रगणकों और सुपरवाइजरों को तकनीकी एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की जा रही है।
बैठक में ऑनलाइन डेटा एंट्री, घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया तथा नागरिकों से संवाद स्थापित करने के तरीकों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस बार डिजिटल माध्यम से सूचीकरण कार्य कराया जा रहा है, इसलिए कर्मचारियों को मोबाइल एप्लीकेशन और ऑनलाइन प्रक्रिया की पूरी जानकारी होना आवश्यक है।
एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने कहा कि जनगणना और मकान सूचीकरण केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं का आधार है। सही आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विभिन्न योजनाओं को तैयार करती है और जरूरतमंद लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य करती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील की।
Advertisement









