वाहन चेकिंग अभियान, कई वाहनों का चालान
10 May 2026

वाहन चेकिंग अभियान, कई वाहनों का चालान
खमरिया। जनपद के औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत खमरिया चौकी के खमरिया चौराहे पर शनिवार शाम पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर संचालित किया गया। चेकिंग अभियान का नेतृत्व खमरिया चौकी इंचार्ज मो. ऐश खान ने किया। उनके साथ सेकंड दरोगा ओम प्रकाश सिंह यादव, हेड कांस्टेबल संतोष यादव, सुनील रावत, कांस्टेबल अंकित कुमार कुशवाहा सहित पुलिस बल मौजूद रहा। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर उनके कागजातों की गहन जांच की। बिना हेलमेट वाहन चला रहे बाइक सवारों तथा आवश्यक दस्तावेज न रखने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई वाहनों का चालान किया गया। पुलिस ने चेकिंग के दौरान अराजक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर भी कड़ी नजर रखी। कई लोगों से पूछताछ कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों के पालन और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
Advertisement
Advertisement