बरूआसागर में बिजली संकट को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, विश्व हिंदू परिषद ने सौंपा ज्ञापन*
08 May 2026
Reporter- Ipshita Chaurasia
बरूआसागर (झांसी)। नगर में पिछले कई दिनों से जारी बिजली संकट को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बीते 48 घंटों में मात्र 1 से 2 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही कटौती से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार को इस समस्या को लेकर राष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जल्द से जल्द नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की गई।
इस दौरान हिंदू नेता मनोज शर्मा ने बिजली विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से नगरवासी बिजली संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहे। उन्होंने नगर के जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता परेशान है, लेकिन जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर मौन बने हुए हैं।
ज्ञापन कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष अमित तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष अशोक कुशवाहा, महामंत्री गजेंद्र साहू, धनवार सरदार, राजेश सेन, भानू शर्मा, संजीव कुशवाहा, अनुराग, शुभम कुशवाहा, देवकी कुशवाहा, विशाल शर्मा, माइकल कुशवाहा, हर्षित शर्मा, संतोष, दीपक कुशवाहा, राहुल साहू, अक्षय यादव, राहुल सवीता सहित अन्य कार्यकर्ता एवं नगरवासी मौजूद रहे।








