अलीगंज में वकीलों का फूटा गुस्सा: SDM के खिलाफ पुतला दहन, तहसील दिवस पर बढ़ा विवाद
02 May 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज में शनिवार को अधिवक्ताओं और प्रशासन के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया। बार एसोसिएशन अलीगंज के बैनर तले वकीलों ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए तहसील दिवस के दौरान उनका पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
विवाद की जड़ एक जूनियर अधिवक्ता प्रशांत कुमार से जुड़ा मामला बताया जा रहा है। बार एसोसिएशन द्वारा दिए गए ज्ञापन के अनुसार, 1 मई को अधिवक्ता पर हुए हमले के आरोपी को एसडीएम न्यायालय द्वारा रात करीब 9:30 बजे बिना जमानत और फर्द खतौनी के रिहा कर दिया गया। इस फैसले से अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी फैल गई।
घटना के विरोध में शुक्रवार देर शाम अधिवक्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया था। शनिवार को तहसील दिवस के दौरान यह विरोध और उग्र हो गया। आक्रोशित वकीलों ने पुतला दहन कर प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन के दौरान थाना अध्यक्ष राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलते पुतले को छीनकर फेंक दिया और पैरों से कुचलकर आग बुझाई। इस दौरान पुलिस और वकीलों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एसडीएम के व्यवहार को अधिवक्ताओं के प्रति अनुचित बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
Advertisement









