तहसील सभागार में फार्मर रजिस्ट्री पर विशेष समीक्षा बैठक आयोजित
02 May 2026
रिपोर्टर--मुकेश कुमार यादव
तहसील सभागार में फार्मर रजिस्ट्री पर विशेष समीक्षा बैठक आयोजित
जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश, सभी किसानों का बनेगा फार्मर रजिस्ट्री, शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने पर जोर
भदोही 02 मई 2026 :–तहसील दिवस के उपरांत तहसील भदोही सभागार में जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपजिलाधिकारी अरुण गिरि, जिला विकास अधिकारी ज्ञानप्रकाश, तहसीलदार अजय कुमार सिंह, कानूनगो, लेखपाल, खंड विकास अधिकारी भदोही, अभोली एवं सुरियावां जिला कृषि अधिकारी, उप कृषि निदेशक अश्वनी कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित राजस्व, कृषि एवं पंचायत विभाग के समस्त संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनपद के सभी कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों की प्रगति की समीक्षा व कार्य में तीव्र गति लाने हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाने संबंधित विचार विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि फार्मर रजिस्ट्री शासन की एक अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है, जिसे सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रतिदिन विशेष कैंप आयोजित किए जाएं तथा कैंप का संचालन पंचायत भवन एवं कोटेदार की दुकान पर सुनिश्चित किया जाए। सभी कृषकों का मौके पर ही फार्मर रजिस्ट्रेशन कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि करेंट खतौनी के आधार पर ऐसे कृषकों को चिन्हित किया जाए, जिनका पंजीकरण अभी शेष है, और प्राथमिकता के आधार पर उनका रजिस्ट्रेशन पूर्ण कराया जाए। जिन किसानों का नाम खतौनी में दर्ज है, उनका फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन किसानों के पिता का मृत्यु हो चुका है और उनका नाम अभी तक खतौनी में दर्ज नहीं हुआ है, वे तत्काल उत्तराधिकार (नामांतरण) की प्रक्रिया पूर्ण कराकर अपना नाम दर्ज कराएं। इसके पश्चात ही वे अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवाएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन कर्मचारियों की ड्यूटी इस अभियान में लगाई गई है, उनके विभागाध्यक्ष प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा एवं मॉनिटरिंग करें और समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता एवं समन्वय के साथ करें। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसानों को खाद, बीज एवं अन्य कृषि अनुदान सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ डिजिटल फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही प्रदान किया जाएगा।सभी कृषक समय से अपना पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए इस विशेष अभियान को सफल बनाएं, जिससे जनपद के प्रत्येक पात्र किसान को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से प्राप्त हो सके।








