पीपरी जनसुनवाई में कलेक्टर ऋतुराज सिंह का सख्त एक्शन: सब इंजीनियर सहित दो पटवारी निलंबित
01 May 2026

पीपरी जनसुनवाई में कलेक्टर ऋतुराज सिंह का सख्त एक्शन: सब इंजीनियर सहित दो पटवारी निलंबित
पीपरी (बागली) ग्राम पीपरी में आयोजित विकासखंड स्तरीय जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने लापरवाह अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पीएचई विभाग के सब इंजीनियर सहित दो पटवारियों को निलंबित कर दिया। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर ही निराकरण किया गया। जनसुनवाई में बागली विधायक मुरली भंवरा भी मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने पेयजल संबंधी शिकायतों की जांच में लापरवाही पाए जाने पर पीएचई के सब इंजीनियर वैष्णवी भावसार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया। वहीं, फौती नामांतरण में देरी और असंतोषजनक कार्यप्रणाली के चलते पटवारी सूरज गंगवाल और नवनीत पुरंदरे को भी निलंबित किया गया। बिजली के टूटे पोल को समय पर दुरुस्त न करने पर जेई डी.एस. परिहार को शोकॉज नोटिस जारी करने तथा लाइनमैन कृष्णकांत बघेल का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने मानवता का परिचय देते हुए बिजली करंट से झुलसे शिवराम बघेल और चैन सिंह को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं, बरसात में मकान ढहने से प्रभावित नान सिंह कन्नौज को 25 हजार रुपये की मदद दी गई। इसके अलावा गोपाल सेन को सोसाइटी में जमा अंश राशि नहीं मिलने पर 10 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई। कलेक्टर ने राजस्व, पेयजल, पेंशन, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास, संबल योजना, सड़क अतिक्रमण सहित विभिन्न मामलों में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही नए पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड भी वितरित किए गए। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Advertisement
Advertisement