तेज हवाओं ने ली जान: गंगूपुरा में दीवार ढही, एक युवक की मौके पर मौत
01 May 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज। बीती रात आई तेज आंधी और बारिश ने क्षेत्र में भारी नुकसान पहुंचाया। कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और बिजली व्यवस्था भी बाधित हो गई। गुरुवार देर शाम अचानक बदले मौसम के साथ तेज हवाओं और बारिश ने लोगों को सड़कों पर इधर-उधर बचने पर मजबूर कर दिया।
इसी दौरान थाना जैथरा क्षेत्र के ग्राम गंगूपुरा में एक बड़ा हादसा हो गया। तेज आंधी के चलते एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 55 वर्षीय बृजेश पुत्र सूरज सहाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
शुक्रवार को उपजिलाधिकारी अलीगंज, जगमोहन गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और दैवीय आपदा के अंतर्गत आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बताया गया कि मृतक बृजेश के कोई प्रत्यक्ष वारिस नहीं हैं। उनकी दो बड़ी बहनें हैं, जिनके खाते में शासन द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि शासन स्तर से जो भी संभव मदद होगी, वह पीड़ित परिवार को प्रदान की जाएगी।
Advertisement









