अलीगंज में दूसरे दिन भी महिला आक्रोश उफान पर, पदयात्रा निकाल पुतला दहन कर जताया विरोध
30 Apr 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज। महिला शक्ति का उफान अलीगंज में गुरुवार को भी थमता नजर नहीं आया। बुधवार को निकली आक्रोश पदयात्रा के बाद दूसरे दिन भी महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर अपने तेवर और कड़े कर दिए। विधायक सत्यपाल सिंह राठौड़ की कोठी से शुरू हुई महिला जन आक्रोश पदयात्रा मैन बाजार से होते हुए गांधी चौराहे तक पहुंची, जहां महिलाओं ने जोरदार नारेबाजी के बीच विपक्ष का पुतला दहन किया।
पूरे मार्ग में "महिलाओं के अधिकारों पर वार नहीं सहेंगे" और "33 प्रतिशत आरक्षण हमारा अधिकार है" जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा। बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर पदयात्रा में शामिल हुईं और अपने हक की मांग को लेकर मुखर नजर आईं। बाजार क्षेत्र में पदयात्रा के दौरान आमजन भी रुककर इस प्रदर्शन को देखते रहे।
पदयात्रा शांतिपूर्वक और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ी। जगह-जगह महिलाओं ने रुककर नारेबाजी की और अपने अधिकारों को लेकर आवाज बुलंद की। इस दौरान 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का मुद्दा प्रमुख रूप से केंद्र में रहा। महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि यह उनका संवैधानिक अधिकार है और इसे हर हाल में लागू कराया जाएगा।
गांधी चौराहे पर पहुंचकर महिलाओं ने एकजुट होकर विपक्ष के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। नारेबाजी देर तक जारी रही और माहौल पूरी तरह उग्र बना रहा।
मुख्य अतिथि जिला उपाध्यक्ष कुमारी आशीष राजपूत ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के साथ अब किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
सहसंयोजक प्रदेश दिनेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि महिला शक्ति अब केवल समर्थन की प्रतीक नहीं, बल्कि नेतृत्व की धुरी बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की नीतियों के कारण ही महिलाओं को उनका अधिकार नहीं मिल पाया।
मंडल अध्यक्ष एवं संयोजक विमल कुमार गुप्ता ने कहा कि यह आंदोलन एक दिन की प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों की लंबी लड़ाई की शुरुआत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए पूरी मजबूती से खड़ा है।
आक्रोश पदयात्रा में नीरज शाक्य, विजय कुमारी, ललिता दिवाकर, सुनील कठेरिया, रीना, अर्जुन कश्यप, विजय शाक्य, फेरू सिंह राठौर, सुनील शर्मा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।
Advertisement









