अलीगंज में महिला शक्ति का उबाल, 33% आरक्षण को लेकर सड़कों पर उतरी महिलाएं पदयात्रा निकालकर विपक्ष का पुतला दहन, जमकर हुई नारेबाजी
29 Apr 2026

अलीगंज में महिला शक्ति का उबाल, 33% आरक्षण को लेकर सड़कों पर उतरी महिलाएं
पदयात्रा निकालकर विपक्ष का पुतला दहन, जमकर हुई नारेबाजी
अलीगंज की सड़कों पर बुधवार को महिला शक्ति का जबरदस्त उभार देखने को मिला। जिला उपाध्यक्ष कुमारी आशीष राजपूत के नेतृत्व में अमरोली रतनपुर मंडल में महिला जन आक्रोश पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार नारेबाजी की और अपने अधिकारों को लेकर स्पष्ट संदेश दिया। पदयात्रा अवंती बाई की मूर्ति से प्रारंभ होकर विभिन्न गांवों से गुजरते हुए अमरोली रतनपुर चौराहे पर पहुंची, जहां महिलाओं ने विपक्ष का पुतला दहन किया। पूरे मार्ग में महिलाओं का उत्साह और आक्रोश देखने लायक रहा। इस प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा 33 प्रतिशत महिला आरक्षण रहा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की वजह से यह प्रस्ताव पारित नहीं हो सका, जिससे महिला सशक्तिकरण प्रभावित हुआ है। इसी के विरोध में महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और विपक्ष के खिलाफ नारे लगाए। जिला उपाध्यक्ष कुमारी आशीष राजपूत ने कहा कि महिलाएं अब अपने अधिकारों के लिए खुद संघर्ष करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं का अधिकार है और इसे रोकने वालों को जनता के बीच जवाब देना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े लोगों को राजनीतिक रूप से जवाब दिया जाएगा। पदयात्रा के दौरान क्षेत्र में काफी भीड़ जुटी और राहगीर भी इस प्रदर्शन को देखने के लिए रुक गए। महिलाओं ने आगामी 2027 के चुनाव में अपनी निर्णायक भूमिका का भी संकेत दिया। इस मौके पर नवीन राजपूत, डॉ. रामप्रकाश लोधी, अरविंद शाक्य, नीलेश राजपूत, नेहा राजपूत, श्याम सुंदर, नीतू, शिल्पी, इशा, रोशनी, दिव्या, निधि, श्वेता, ज्ञान देवी, उमा देवी, अनीता देवी, राम मूर्ति, प्रतिमा देवी, गुड्डी देवी, शीला देवी, रामदेवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
Advertisement
Advertisement