जंगली सियार के हमले से किसान घायल, गांव में दहशत
29 Apr 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा जिले के राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिल्सड पुवायां में देर रात जंगली सियार के हमले से एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किसान को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 47 वर्षीय राम सिंह रात में अपने खेत पर भूसा भर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली सियार ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह काट लिया। हमले के दौरान राम सिंह ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने किसी तरह सियार को भगाकर राम सिंह को उसके चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घायल अवस्था में उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।








