नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में लगातार हो रहे डंपर हादसों ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। बीते 3 दिनों में हाइवा डंपरों की चपेट में आकर 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जिससे आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
गाडरवारा के शांतिदूत तिराहे पर गुस्साए परिजनों ने दो युवकों के शव को स्टेट हाईवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एनटीपीसी से जुड़े ओवरलोड और फ्लाई ऐश से भरे बेतरतीब वाहनों की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा।
परिजनों का कहना है कि एक ही डंपर से 2 दिनों में 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हादसे में जान गंवाने वाले एक व्यक्ति की दो बेटियां अब बेसहारा हो गई हैं, जो मौके पर ही न्याय की गुहार लगाती नजर आईं।
शहर में इन घटनाओं को लेकर भारी आक्रोश है। प्रदर्शनकारी मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और ओवरलोड वाहनों पर तत्काल रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन लोगों को समझाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई
है।








