श्री पण्डोखर धाम सरकार के ट्रस्ट की फायर बिग्रेड से बुझी आग
26 Apr 2026
Reporter-Vinod Kumar Rajput
प्रकाशनार्थ / प्रसारार्थ समाचार *पण्डोखर सरकार धाम ट्रस्ट की फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई* पण्डोखर (दतिया) - पण्डोखर ग्राम से लगभग 6 किलोमीटर की दूरी पर ग्राम पुरा सदका में आग लगने की सूचना मिलने पर पण्डोखर सरकार धाम आश्रम की फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाई। पण्डोखर धाम ट्रस्ट के सचिव मुकेश कुमार गुप्ता (सागर) ने उक्त जानकारी देते हुए बतलाया कि आज दोपहर में करीब 1 बजे पण्डोखर ग्राम के सरपंच रामकुमार शर्मा को पुरा में आग लगने की सूचना ग्राम के ही एक युवक के द्वारा फोन पर दी गई थी। ग्राम पंचायत पण्डोखर के सरपंच से सूचना प्राप्त होते ही पण्डोखर सरकार धाम ट्रस्ट के अग्निशमन वाहन को मौके पर आग बुझाने भेजा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मैथाने के पास खेत में पराली जलाने से आग फैल गई जो पुरा तक पहुंच गई थी और इससे पूरा गांव आग की चपेट में आने वाला था। समय पर अग्निशमन वाहन के चालक दुर्जेन्द्र शर्मा और पण्डोखर सरकार मंदिर के पुजारी श्याम तिवारी ने तुरंत मौके पर पहुंचकर लगभग 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पण्डोखर धाम ट्रस्ट के सचिव मुकेश कुमार गुप्ता सागर ने बतलाया कि फसल कट जाने के बाद बचे हुए अवशेष अर्थात पराली जलाने से इस प्रकार की आगजनी की बहुत सी घटनाएं घटित होती रहती हैं जिस पर जिला प्रशासन को संज्ञान लेते हुए ठोस कार्यवाही करना चाहिए अन्यथा इससे कभी भी बड़ी जनहानि हो सकती है। 26 /04/2036








