अलीगंज में जनगणना प्रशिक्षण पूरा, 22 मई से शुरू होगा फील्ड सर्वे
24 Apr 2026

अलीगंज में जनगणना प्रशिक्षण पूरा, 22 मई से शुरू होगा फील्ड सर्वे
अलीगंज।क्षेत्र में जनगणना कार्य को लेकर चल रहा प्रशिक्षण कार्यक्रम अब पूरी तरह संपन्न हो गया है। प्रशासन द्वारा आयोजित इस अभियान के तहत कुल 1058 प्रगणकों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। पहले चरण में 400 प्रगणकों को प्रशिक्षित किए जाने के बाद शेष बैचों का प्रशिक्षण भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया गया। अलीगंज के जीडी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रगणकों को घर-घर सर्वेक्षण की प्रक्रिया, डेटा संकलन, मोबाइल ऐप व अन्य डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा गोपनीयता के नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनरों ने प्रतिभागियों को व्यवहारिक और तकनीकी दोनों पहलुओं पर प्रशिक्षित किया, ताकि फील्ड में कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो। एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने बताया कि 22 मई से जनगणना की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस दौरान सभी प्रशिक्षित प्रगणक अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर परिवारों की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्र करेंगे। प्रत्येक प्रगणक को पहचान पत्र, आवश्यक प्रपत्र और डिजिटल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे कार्य पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान नागरिकों की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाए और प्राप्त जानकारी का उपयोग केवल आधिकारिक उद्देश्यों के लिए ही किया जाए। प्रशासन का लक्ष्य है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर जनगणना कार्य को बिना किसी त्रुटि के पूर्ण किया जाए। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार फील्ड कार्य की निगरानी के लिए सुपरवाइजर भी तैनात किए जाएंगे, जो समय-समय पर प्रगति की समीक्षा करेंगे और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इस अवसर पर तहसीलदार संजय कुमार, नायब तहसीलदार सतीश कुमार, एवीएसए विनोद कुमार, कायाकल्प प्रभारी सत्यपाल सिंह राठौर, गौरव शिव, गौरव दीक्षित, अवनीश तोमर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।