हरदोई में गरजे पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल: "महिला आरक्षण के विरोधी राष्ट्र के गुनहगार", विपक्ष को दी चुनौती
20 Apr 2026
Reporter- Ashok Kumar
#हरदोई में गरजे पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल: "महिला आरक्षण के विरोधी राष्ट्र के गुनहगार", विपक्ष को दी चुनौती
#हरदोई।भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने हरदोई में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। नारी वंदन अधिनियम यानी महिला आरक्षण बिल को लेकर उन्होंने विपक्षी दलों की घेराबंदी करते हुए कहा कि जो लोग महिलाओं को उनका हक देने का विरोध कर रहे हैं, वो राष्ट्रहित के खिलाफ काम कर रहे हैं। ये निंदनीय है।
#पांच राज्यों में महिलाएं सिखाएंगी सबक
#पत्रकारों से बातचीत में नरेश अग्रवाल ने दावा ठोका कि आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में महिलाएं विपक्ष को उसकी औकात बता देंगी। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी अब जाग चुकी है और भाजपा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। चुनाव में भाजपा की प्रचंड और ऐतिहासिक जीत तय है।
#विदेश नीति पर सरकार की पीठ थपथपाई
#अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव पर बोलते हुए पूर्व सांसद ने केंद्र की विदेश नीति की तारीफ की। बोले कि भारत शुरू से शांति का पुजारी रहा है। मौजूदा सरकार भी पूरी ताकत से लगी है कि अंतरराष्ट्रीय विवाद बातचीत से सुलझे, युद्ध से नहीं।
#अर्थव्यवस्था में चौथे पायदान पर पहुंच रहा भारत
#केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए नरेश अग्रवाल ने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दहलीज पर खड़ा है। ये हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने विपक्ष से चुटकी लेते हुए कहा कि कम से कम देश की तरक्की पर तो राजनीति न करें और सरकार के अच्छे कामों की तारीफ करना सीखें।
29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे कार्यक्रम का दिया न्योता
#उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित गंगा एक्सप्रेसवे उद्घाटन कार्यक्रम में हरदोई की जनता को भारी संख्या में पहुंचना चाहिए। ये एक्सप्रेसवे जिले की तस्वीर बदल देगा।
#हरदोई के विकास में नहीं छोड़ी कोई कोर-कसर
#अपने और मंत्री नितिन अग्रवाल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हरदोई के विकास के लिए खजाने का मुंह खोल दिया गया। जिले को बिजली कटौती से निजात दिलाई गई। 220 केवी का पावर स्टेशन, अधीक्षण अभियंता कार्यालय, नया रोडवेज बस अड्डा और परिवहन विभाग का आरएम कार्यालय उन्हीं के प्रयासों से मंजूर हुआ। शहर की मुख्य सड़कों को चमकाया गया और चौड़ीकरण कराया गया।
#गुंडों पर कार्रवाई की खुली छूट दी
#कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि उनके समय में प्रशासन को साफ निर्देश थे कि गुंडे, माफिया और अराजक तत्वों को किसी कीमत पर बख्शा न जाए। पुलिस को सख्त कार्रवाई की पूरी आजादी दी गई थी, तभी जिले में शांति कायम रही।








