नागदा में नौगज़ वली पीर का40वां उर्स मुबारक मनाया गया
19 Apr 2026

नागदा में नौगज़ वली पीर का40वां उर्स मुबारक मनाया गया
नागदा में नौगज वाली पीर का 40वां उर्स मुबारक बड़े ही अकीदत और शान के साथ मनाया गया। इस मुबारक मौके पर देश के मशहूर व अंतरराष्ट्रीय कव्वाल जुनैद सुल्तानी ने अपनी दिलकश कव्वाली से महफिल में मौजूद हजारों जायरीनों का दिल जीत लिया और पूरी रात समां बांधे रखा। उर्स की शुरुआत शेरू बाबा के निवास स्थान से चादर शरीफ के चल समारोह के साथ हुई। यह चल समारोह नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए जूना नागदा पहुंचा, जहां नौगज वाली पीर की दरगाह पर चादर शरीफ पेश कर दुआएं मांगी गईं। चल समारोह में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल रहे, जिन्होंने “या पीर बाबा” की सदाओं के साथ पूरे माहौल को रूहानी बना दिया। इसके बाद दरगाह परिसर में रात्रि 9:00 बजे से कव्वाली का प्रोग्राम प्रारंभ हुआ। शुरुआत में क्षेत्रीय कव्वालों ने अपने कलाम पेश किए और अपनी शानदार प्रस्तुति से महफिल को गर्माया। यह सिलसिला रात 12:00 बजे तक चलता रहा, जिसमें श्रोताओं की भीड़ लगातार बनी रही। रात 12:00 बजे के बाद मंच पर अंतरराष्ट्रीय कव्वाल जुनैद सुल्तानी की एंट्री हुई, जिनकी कव्वाली शुरू होते ही माहौल पूरी तरह जश्न-ए-रूहानियत में बदल गया। जुनैद सुल्तानी ने एक से बढ़कर एक कलाम पेश कर दर्शकों को सुबह 4:00 बजे तक बांधे रखा। उनकी आवाज़, अंदाज़ और कलाम की मिठास ने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस शानदार उर्स मुबारक में नगर सहित आसपास के गांवों और क्षेत्रों से हजारों की संख्या में जायरीन और श्रद्धालु पहुंचे। पूरी रात दरगाह परिसर में रौनक बनी रही और हर तरफ अकीदत, मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम देखने को मिला। 40वें उर्स मुबारक के अवसर पर नगर में अमन-चैन, भाईचारे और रूहानी माहौल का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। नौगज वाली पीर के इस मुबारक उर्स ने एक बार फिर नागदा शहर को अकीदत और सूफियाना रंग में रंग दिया।
Advertisement
Advertisement