अलीगंज में जनगणना प्रशिक्षण का शुभारंभ, 400 प्रगणकों को दी जा रही ट्रेनिंग
15 Apr 2026

अलीगंज में जनगणना प्रशिक्षण का शुभारंभ, 400 प्रगणकों को दी जा रही ट्रेनिंग
अलीगंज (एटा)। आगामी जनगणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जीडी इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार से प्रगणकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया। इस प्रशिक्षण में 400 प्रगणकों को शामिल किया गया है, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिए विद्यालय के आठ कमरों में व्यवस्था की गई है, जहां प्रत्येक कक्ष में 50-50 प्रगणकों को बैठाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशासन द्वारा पहले ही 18 मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जो अब प्रगणकों को जनगणना से संबंधित तकनीकी व व्यवहारिक जानकारी दे रहे हैं। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 9 दिनों तक चलेगा, जिसे तीन-तीन दिन के बैचों में विभाजित किया गया है। पहले बैच का प्रशिक्षण बुधवार से प्रारंभ होकर तीन दिन तक चलेगा। इस दौरान प्रगणकों को घर-घर सर्वेक्षण, डेटा संकलन, डिजिटल उपकरणों के उपयोग एवं गोपनीयता बनाए रखने के बारे में जानकारी दी जा रही है। उप जिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने बताया कि जनगणना का कार्य 20 जून तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य है। इस दौरान प्रशिक्षित प्रगणक क्षेत्र में जाकर निर्धारित समय सीमा में आंकड़े एकत्र करेंगे। प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर तहसीलदार संजय कुमार, नायब तहसीलदार सतीश कुमार, एबीएसए विनोद कुमार, वीओ मुकेश कुमार, सत्य प्रकाश, अशोक यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षण व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।