नीले परचम के साथ अलीगंज में निकली विशाल शोभायात्रा, गूँजे बाबा साहेब के जयकारे
14 Apr 2026

नीले परचम के साथ अलीगंज में निकली विशाल शोभायात्रा, गूँजे बाबा साहेब के जयकारे
अलीगंज। भारतीय संविधान के निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती अलीगंज क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कस्बे से लेकर दूरदराज ग्रामीण अंचलों तक बाबा साहेब के प्रति अटूट आस्था का दृश्य देखने को मिला। नगर में निकली भव्य शोभायात्रा ने सामाजिक एकता का संदेश दिया, वहीं गांवों में प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को अपनाने का संकल्प लिया गया। नीले परचम तले निकली भव्य शोभायात्रा नगर की मुख्य शोभायात्रा का शुभारंभ मोहल्ला चमन नगरिया से मुख्य संयोजक सुभाष चंद्र द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। बैंड-बाजों और जयकारों के बीच निकली यह यात्रा गांधी चौराहा, तहसील रोड और मातादीन चौराहा सहित प्रमुख मार्गों से गुजरी। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। पुराना बस स्टैंड पर समापन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर शशिकांत, अनिल सागर, आशीष गौर सहित बड़ी संख्या में युवा और बच्चे मौजूद रहे। ग्राम अंगरैया में श्रद्धांजलि कार्यक्रम ग्राम अंगरैया में आयोजित कार्यक्रम में विधायक पुत्र सूरज राठौड़ ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब पूरे राष्ट्र के प्रेरणास्रोत हैं और उनके बताए शिक्षा व समानता के मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। इस दौरान विजयपाल सिंह, रामबाबू, देवेंद्र सिंह, बादाम सिंह और गंगा प्रसाद सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में गूँजा समानता का संदेश अकबरपुर कोट, झकरई, कंचनपुर, आसे नगला और चमनपुर सहित कई गांवों में भी कार्यक्रम आयोजित हुए। भदूईया मठ पर भाजपा उपाध्यक्ष आशीष राजपूत के नेतृत्व में आयोजन हुआ। इसमें अरविंद शाक्य, नवीन राजपूत, डॉ. रामप्रकाश, शिवम पाठक, डॉ. राहुल और वीरेंद्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। चिकित्सा संस्थानों और राजनीतिक दलों ने किया नमन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. अश्वनी मित्तल ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण किया, जहां डॉ. विवेक वशिष्ठ, आर्यन विमल और सौरभ मौजूद रहे। वहीं सपा नेता व ब्लॉक प्रमुख जैथरा रामनाथ सिंह ने भी अम्बेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सुभाष शाक्य, रामप्रकाश, लायक सिंह, विनोद फौजी और सुरेंद्र सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। — दिलीप सिंह, ब्यूरो एटा (उत्तर प्रदेश)