???? अलीगंज में रोडवेज बसों की मनमानी से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था, रोजाना लगता जाम
14 Apr 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
???? अलीगंज में रोडवेज बसों की मनमानी से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था, रोजाना लगता जाम
अलीगंज। नगर में रोडवेज बस चालकों की लापरवाही अब आमजन के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। बस स्टैंड होने के बावजूद बसों को सड़कों पर खड़ा कर देने की प्रवृत्ति के चलते शहर में रोजाना जाम की स्थिति बन रही है।
सबसे अधिक समस्या कैल्ठा चौराहा पर देखने को मिल रही है, जहां फर्रुखाबाद-एटा मार्ग पर चलने वाली बसें बीच सड़क पर ही खड़ी कर दी जाती हैं। इसके कारण बड़े वाहनों के साथ-साथ ई-रिक्शा, टेंपो और दोपहिया वाहन भी लंबी कतारों में फंस जाते हैं। यात्रियों को बैठाने की होड़ में बस चालक अपने वाहन आड़े-तिरछे खड़े कर देते हैं, जिससे स्थिति और भी खराब हो जाती है।
जाम की समस्या को बढ़ाने में ई-रिक्शा और टेंपो चालकों की भी भूमिका सामने आ रही है। बस आते ही ये वाहन चालक भी सड़क पर ही रुक जाते हैं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है।
वहीं, दिन के समय प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति के कारण नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। इस जाम का असर अलीगंज चौराहा, एटा मार्ग, दरियागंज मार्ग और कायमगंज मार्ग तक देखने को मिल रहा है। पैदल राहगीरों और बाइक सवारों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन सख्त, कार्रवाई के निर्देश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने एआरएम को निर्देश दिए हैं कि सड़क पर बस खड़ी करने वाले चालकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर पेनल्टी लगाई जाएगी और उनकी सैलरी से जुर्माना काटा जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यातायात व्यवस्था को सुधारना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








