हरदोई में नारी शक्ति मिशन के तहत महिलाओं को वित्तीय योजनाओं की दी गई जानकारी
13 Apr 2026

हरदोई में नारी शक्ति मिशन के तहत महिलाओं को वित्तीय योजनाओं की दी गई जानकारी
हरदोई में नारी शक्ति मिशन के तहत महिलाओं को वित्तीय योजनाओं की दी गई जानकारी हरदोई। जनपद के शाहबाद स्थित वित्तीय साक्षरता केंद्र में सोमवार को नारी शक्ति मिशन एवं स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं को वित्तीय रूप से जागरूक करने हेतु एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) श्री अरविंद रंजन, बैंक ऑफ इंडिया, हरदोई रहे। उनके साथ वित्तीय साक्षरता केंद्र शाहबाद के सेंटर मैनेजर श्री प्रदीप कुमार भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर महिलाओं को अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, नेशनल पेंशन योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से महिलाएं अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकती हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। कार्यक्रम में बैंकिंग धोखाधड़ी एवं डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपायों पर भी विशेष जोर दिया गया। महिलाओं को समझाया गया कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी एवं ओटीपी साझा न करें। एलडीएम श्री अरविंद रंजन एवं सेंटर मैनेजर श्री प्रदीप कुमार ने महिलाओं को वित्तीय साक्षरता अपनाने एवं सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने इसे अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन कराने की मांग की।