संयुक्त माली समाज का भव्य आयोजन: विशाल चल समारोह व प्रतिमा लोकार्पण संपन्न
12 Apr 2026

संयुक्त माली समाज का भव्य आयोजन: विशाल चल समारोह व प्रतिमा लोकार्पण संपन्न
खातेगांव। संयुक्त माली समाज खातेगांव द्वारा महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के वरिष्ठजनों द्वारा फुले जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर समाज के मेधावी एवं सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, साथ ही वरिष्ठजनों का भी अभिनंदन किया गया। मुख्य अतिथियों ने महात्मा ज्योतिराव फुले एवं सावित्रीबाई फुले के जीवन और उनके समाज सुधार कार्यों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा और समानता के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के पश्चात इंद्रप्रस्थ गार्डन से भव्य चल समारोह निकाला गया, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ प्रतिमा लोकार्पण स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुआ। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर चल समारोह का स्वागत किया गया, जिससे पूरे नगर में उत्साह का माहौल रहा। प्रतिमा लोकार्पण कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक आशीष शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष सारिका नरेंद्र चौधरी एवं सभी पार्षद गण, राष्ट्रीय अध्यक्ष इंडिया सैनी माली समाज जगदीश सैनी, प्रदेश अध्यक्ष जेपी माली, ऑल इंडिया सैनी समाज प्रदेश अध्यक्ष राजेश चौहान एवं वरिष्ठ समाजसेवी रामनारायण चौहान सहित जनप्रतिनिधि एवं समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं भावनात्मक क्षण है। उन्होंने कहा कि महात्मा फुले ने समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया और शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बताया। वहीं सावित्रीबाई फुले ने नारी शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक योगदान दिया, जो आज भी प्रेरणास्रोत है। नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रतिमा केवल एक मूर्ति का अनावरण नहीं, बल्कि महान विभूतियों के विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प है। उन्होंने समाज में समानता, शिक्षा और भाईचारे को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में विशेष सहयोग समाजसेवी प्रेमराज टांक, बबलू माली, पवन अजमेरा, अमृतलाल बागवान, संतोष विनायक, मोहन कछावा, कैलाश माली, राहुल कछावा, विकास सैनी, पुनीत कछावा, दिलीप गहलोत, केपी राजोरिया, महेश बागवान, राहुल सांखला, राम बागड़ी, ईश्वर सैनी, गोविंद सोलंकी, ओम सैनी, राहुल चौहान , राहुल सोलंकी, कैलाशचंद सैनी, बालकृष्ण सांखला, मोहन बागवान का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन महेश माली द्वारा किया गया, जबकि अंत में आभार संदीप बागवान ने व्यक्त किया।