अलीगंज में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन, डिजिटल सशक्तिकरण की ओर बड़ा कदम
06 Apr 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा जनपद के अलीगंज विकास खंड सभागार में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अहम पहल की गई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने 15 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित कर योजना का शुभारंभ किया।
विधायक ने बताया कि अगले चार दिनों के भीतर क्षेत्र की सभी 272 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध करा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार आंगनवाड़ी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है और स्मार्टफोन वितरण से कार्यकत्रियों को बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं से जुड़ी योजनाओं का डेटा समय पर ऑनलाइन दर्ज करने में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। डॉ. अखलाख ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत बदलते मौसम में होने वाले रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता, शुद्ध पानी, नियमित टीकाकरण और जनजागरूकता पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकत्रियों से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने की अपील की।
खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा ने कहा कि स्मार्टफोन मिलने से कार्यकत्रियों का कार्य और अधिक सरल एवं पारदर्शी होगा। वहीं सीडीपीओ कुसुमा ने नई तकनीक का प्रभावी उपयोग कर योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, कर्मचारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ आंगनवाड़ी व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगी।








