एटा में युवक की रहस्यमयी मौत: रील पोस्ट कर दी चेतावनी, पेड़ से लटका मिला शव
04 Apr 2026

एटा में युवक की रहस्यमयी मौत: रील पोस्ट कर दी चेतावनी, पेड़ से लटका मिला शव
एटा जनपद के जसरथपुर थाना क्षेत्र के नथुआपुर गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव आम के बाग में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना सुबह करीब 7 बजे पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर मिले एक बैग से आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसके आधार पर मृतक की पहचान राहुल (लगभग 20 वर्ष) पुत्र इंस्पेक्टर सिंह, निवासी ग्राम नयागांव, थाना मेरापुर, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि युवक ने रस्सी के सहारे फांसी लगाई। घटना से पहले उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 14 सेकंड की एक रील पोस्ट की थी। रील में उसने लिखा था— “तुम घर मत आना, नहीं तो मां तुमसे अपना बेटा मांगेगी।” इस पोस्ट के बाद मामला और भी संदिग्ध हो गया है। परिजनों के अनुसार, राहुल कुछ समय पहले गांव आया था और चार दिन रुकने के बाद चला गया था। इसके बाद वह दिल्ली में नौकरी कर रहा था या अपनी बहन के यहां गया था, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। उनका कहना है कि राहुल का एक लड़की से संबंध था और उसे लेकर विवाद भी हुआ था। पिता के अनुसार, लड़की के परिजनों ने ही बेटे की हत्या की है। वहीं मृतक की बहन सुनीता ने भी आरोप लगाया कि एक लड़की ने उसके भाई को बुलाया था, जिसके बाद उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीओ अलीगंज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement
Advertisement