एटा में दर्दनाक हादसा: बाइक नदी में गिरी, युवक की मौत
03 Apr 2026

एटा में दर्दनाक हादसा: बाइक नदी में गिरी, युवक की मौत
एटा जनपद के जलेसर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दौलतपुर मुस्की-निधौली रोड स्थित नदी में मोटरसाइकिल और एक व्यक्ति के पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजय राघव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नदी से मोटरसाइकिल और युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, निधौली रोड से जलेसर की ओर आने वाले मार्ग पर दौलतपुर मुस्की से पहले नदी के पास एक गहरा मोड़ है। आशंका है कि इसी मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी, जिससे युवक को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।