बैंड-बाजे के साथ नव प्रवेशी छात्रों का स्वागत
02 Apr 2026

बैंड-बाजे के साथ नव प्रवेशी छात्रों का स्वागत
बैंड-बाजे के साथ नव प्रवेशी छात्रों का स्वागत खमरिया। राजकीय हाई स्कूल लालानगर में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस मौके पर नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का पुरातन छात्रों द्वारा बैंड-बाजे के साथ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। संस्था प्रधान राम सजन सोनकर ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यालय में अधिकाधिक नामांकन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का शीघ्र प्रवेश कराएं, ताकि नियमित रूप से पढ़ाई शुरू हो सके। विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वागीण विकास के लिए कई विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनमें समर कैंप का आयोजन, प्रदेश के अंदर एवं बाहर शैक्षणिक भ्रमण, अनुभवी शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्मार्ट क्लास, समृद्ध पुस्तकालय, खेल, विज्ञान, युवा एवं इको क्लब जैसी गतिविधियां शामिल हैं। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन एवं बालिकाओं के लिए रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी नियमित रूप से कराया जाता है। पुस्तकालय में विषयवार और सामान्य ज्ञान की गुणवत्तापूर्ण पुस्तकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में सहायता मिलती है। स्वागत कार्यक्रम में बैंड टीम में राधिका विश्वकर्मा, नेहा सैयगल, खुशी विश्वकर्मा और अंबिका पाल सहित अन्य छात्राओं ने सहभागिता निभाई। इस अवसर पर शिक्षक बिपिन कुमार समेत विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में उत्साह का संचार हुआ और नए सत्र की शुरुआत सकारात्मक माहौल में हुई।