SSP इलामारन ने संभाली कमान, टॉप अपराधियों पर कड़ी निगरानी के निर्देश
01 Apr 2026

SSP इलामारन ने संभाली कमान, टॉप अपराधियों पर कड़ी निगरानी के निर्देश
एटा। जनपद के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. इलामारन ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के बाद पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, अपराधियों पर नकेल कसना और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना होगी। उन्होंने कहा कि जिले में टॉप-10 अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, गैंगस्टरों और गुंडों पर विशेष नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शासन और डीजीपी के निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए सभी अभियानों को प्रभावी बनाया जाएगा। डॉ. इलामारन ने अवैध तस्करी, अवैध शराब और अवैध हथियारों के कारोबार पर रोक लगाने को भी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन कनविक्शन” के तहत चिन्हित अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जाएगी। यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की निगरानी कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। महिला अपराधों पर सख्ती, भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस और जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि हर पीड़ित को न्याय दिलाना पुलिस की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नवागत SSP ने यह भी कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। साथ ही पुलिस बल में अनुशासन और कार्यक्षमता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।