अलीगंज में पुलिस की सख्ती: बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वालों के चालान
31 Mar 2026

अलीगंज में पुलिस की सख्ती: बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वालों के चालान
एटा जनपद के अलीगंज क्षेत्र में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए मंगलवार सुबह पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। नगला पड़ाव और कैल्ठआ चौराहा पर चलाए गए इस अभियान में कुल 23 वाहनों के चालान किए गए, जबकि करीब 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की गहन जांच की। इसमें ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, फिटनेस और बीमा जैसे जरूरी कागजात शामिल रहे। साथ ही काली फिल्म लगे वाहनों पर विशेष नजर रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान कई वाहन चालक बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और अधूरे दस्तावेजों के साथ वाहन चलाते पाए गए। ऐसे सभी लोगों के खिलाफ मौके पर ही चालान की कार्रवाई की गई। अचानक चले इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। कई लोग चेकिंग से बचने के लिए रास्ता बदलते भी नजर आए, लेकिन पुलिस ने सख्ती के साथ अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। कोतवाली अलीगंज के थाना अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान एटा के एसएसपी श्याम नारायण सिंह के निर्देशन में चलाया गया। उन्होंने कहा कि वाहनों के कागजात, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस और काली फिल्म की विशेष जांच की गई। थाना अध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और चारपहिया चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को कम किया जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।