आदिवासी जमीन विवाद में सियासत गरम, टेकाम बोले – सत्ता के दम पर कब्जे की कोशिश
30 Mar 2026

आदिवासी जमीन विवाद में सियासत गरम, टेकाम बोले – सत्ता के दम पर कब्जे की कोशिश
बैतूल/ मध्यप्रदेश— बैतूल जिले के ग्राम खेड़ीरामोशी में आदिवासी जमीन को लेकर विवाद ने राजनीतिक रूप ले लिया है। आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम ने भाजपा और भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भास्कर मगरदे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। टेकाम ने कहा कि संबंधित जमीन पर आदिवासी परिवारों का पिछले कई पीढ़ियों से कब्जा है और राजस्व स्तर पर भी इसे विवादित माना जा चुका है। इसके बावजूद राजनीतिक प्रभाव का उपयोग कर जमीन खरीदी गई और अब जब विवाद बढ़ गया है, तो इसे व्यक्तिगत मामला बताकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से भास्कर मगरदे समर्थकों के साथ कई वाहनों और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों पर दबाव बनाया गया और विरोध करने पर मारपीट की घटनाएं सामने आईं। बाद में गांव के 23 लोगों पर एफआईआर दर्ज करवाई गई। टेकाम ने यह भी कहा कि घटना के दौरान महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप बेहद गंभीर हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जमीन वैध रूप से खरीदी गई थी, तो वर्षों से काबिज आदिवासियों को हटाने के लिए इस तरह की कार्रवाई क्यों की गई। टेकाम ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के दम पर आदिवासियों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसे मामलों की जांच कर आदिवासियों को उनकी जमीन वापस दिलाई जाएगी।