जमीन विवाद में खूनी झड़प: एटा के गंगनपुर में पिता-पुत्र समेत 4 घायल, लाठी-डंडे चले
30 Mar 2026

जमीन विवाद में खूनी झड़प: एटा के गंगनपुर में पिता-पुत्र समेत 4 घायल, लाठी-डंडे चले
एटा। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के गांव गंगनपुर में सोमवार सुबह जमीन के बंटवारे और रास्ते को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें पिता-पुत्र समेत चार लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्यों के बीच प्लॉट के बंटवारे और रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। सोमवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घायलों में एक पक्ष से 58 वर्षीय निरुत्तम सिंह पुत्र शिवराज सिंह और उनके बेटे सत्येंद्र व जितेंद्र शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से नाम सिंह पुत्र शिवराज सिंह घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को दोपहर करीब 12 बजे जिला मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। घायल सत्येंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने रास्ते को लेकर दबाव बनाने के उद्देश्य से हमला किया। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर पहले से मुकदमेबाजी भी चल रही है। थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि एक ही परिवार के लोगों के बीच प्लॉट को लेकर विवाद हुआ है। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और मामले की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।