शाहाबाद में बिजली चोरी के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई, 39 पर मुकदमा दर्ज, 137 के कनेक्शन काटे गए
27 Mar 2026

शाहाबाद में बिजली चोरी के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई, 39 पर मुकदमा दर्ज, 137 के कनेक्शन काटे गए
शाहाबाद में बिजली चोरी के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई, 39 पर मुकदमा दर्ज, 137 के कनेक्शन काटे गए हरदोई। बिजली विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार सुबह शाहाबाद क्षेत्र के विभिन्न उपकेंद्रों और कई गांवों में छापेमारी की गई। यह कार्रवाई अधिशाषी अभियंता भजनलाल के नेतृत्व में की गई, जिसमें टीम ने बिजली चोरी करने वालों पर सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान बिजली चोरी के मामलों में कुल 39 उपभोक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया, जबकि बड़े बकायेदारों पर भी कार्रवाई करते हुए 137 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए। उपकेंद्रवार कार्रवाई में अनंगपुर उपकेंद्र क्षेत्र में 20, सवायजपुर उपकेंद्र क्षेत्र में 14 तथा इस्लामगंज उपकेंद्र क्षेत्र में 5 उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी के मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा इन्हीं क्षेत्रों में बकाया बिल न जमा करने वाले उपभोक्ताओं के 137 कनेक्शन विच्छेदित किए गए। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और बिजली चोरी व बकाया न चुकाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने और अवैध कनेक्शन का उपयोग न करने की अपील की गई है।