पलटी बकरे की खालों से लदी ठेली, पुलिस प्रशासन के दावों की खुली पोल
27 Mar 2026
Reporter- Ashok Kumar
शाहाबाद: पिहानी बस स्टैंड के पास पलटी बकरे की खालों से लदी ठेली, पुलिस प्रशासन के दावों की खुली पोल
शाहाबाद (हरदोई): उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन के सख्त निर्देशों के बावजूद शाहाबाद में प्रतिबंधों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। शुक्रवार को पिहानी बस स्टैंड स्थित बी.एन. डिग्री कॉलेज के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब अवैध रूप से बकरे की खालों से लदी एक ठेली बीच सड़क पर पलट गई। इस घटना ने न केवल यातायात बाधित किया, बल्कि चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर पुलिस की मुस्तैदी और दावों की भी पोल खोलकर रख दी।
सड़क पर बिखरी खालें, राहगीरों में आक्रोश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ठेली पर क्षमता से अधिक बकरे की खालें लदी हुई थीं। बी.एन. डिग्री कॉलेज के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से ठेली पलट गई और भारी मात्रा में खालें सड़क पर बिखर गईं। इससे इलाके में तीव्र दुर्गंध फैल गई और वहां से गुजर रहे राहगीरों, व श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नवरात्रि के दौरान मीट की बिक्री और परिवहन पर कड़े प्रतिबंध के बावजूद, शाहाबाद में यह काला कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। लोगों का कहना है कि पुलिस की नाक के नीचे शाम ढलते ही अवैध तरीके से मीट की बिक्री और खालों की सप्लाई का खेल शुरू हो जाता है।
"एक तरफ सरकार पवित्र त्योहारों पर मर्यादा बनाए रखने के निर्देश देती है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस की लापरवाही से बीच सड़क पर खालें बिखरी नजर आ रही हैं। यह सीधे तौर पर आस्था के साथ खिलवाड़ है।"घटना के काफी देर बाद तक मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में और भी आक्रोश देखा गया यह इस बात का प्रमाण है कि शाहाबाद में अवैध मांस के कारोबार चल रहा था।
अब देखना यह है कि इस घटना के बाद उच्च अधिकारी दोषियों और अवैध कार्यो में संलिप्त कारोबारी पर क्या कार्रवाई करते हैं।








